– बिखरी परीक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने की होगी बड़ी चुनौती
नागपुर :- राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए मुंबई विश्वविद्यालय के एसआईईएस कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के प्राध्यापक डॉ. अनुप पलसोकर को नया परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया है। बुधवार को हुई चयन प्रक्रिया के बाद उनके नाम की घोषणा की गई।
विश्वविद्यालय ने परीक्षा नियंत्रक पद के लिए 8 मार्च को विज्ञापन जारी किया था। इसके तहत कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 25 आवेदन जांच के बाद पात्र पाए गए। बुधवार को कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने पात्र उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए। समिति में कुलसचिव एवं सदस्य सचिव डॉ. विजय खंडाल, शासन प्रतिनिधि वाईसीएमयू के कुलगुरु डॉ. सोनवणे, प्र-कुलगुरु डॉ. बिसेल, व्यवस्थापन परिषद सदस्य डॉ. योगेश भुते तथा अधिष्ठाता डॉ. श्याम कोरेटी शामिल थे। साक्षात्कार के लिए बुलाए गए 25 उम्मीदवारों में से पांच अनुपस्थित रहे। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के कुछ समय बाद डॉ. पलसोकर के नाम की परीक्षा नियंत्रक पद के लिए घोषणा की गई। वे एसआईईएस कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में एमसीए पाठ्यक्रम के प्राध्यापक हैं। इसके अलावा वे मुंबई विश्वविद्यालय की व्यवस्थापन परिषद के सदस्य भी हैं। डॉ. पलसोकर ने एलएलबी की डिग्री भी प्राप्त की है। नागपुर विवि की परीक्षा व्यवस्था में पिछले कुछ समय से सामने आ रही विभिन्न समस्याओं को देखते हुए नए परीक्षा नियंत्रक के सामने परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित करना और उसे समयबद्ध तरीके से पटरी पर लाना बड़ी चुनौती होगी।





