– पहली सूची जारी,31 मार्च 2027 तक आधार प्रमाणीकरण जरूरी
नागपुर :- महाराष्ट्र सरकार की ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना 2026’ के तहत नागपुर जिले के पात्र किसानों की पहली सूची जारी कर दी गई है। इस चरण में जिले के 24,322 किसानों को 2 लाख रुपये तक के अल्पावधि फसल कर्जमाफी का लाभ मिलेगा। जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने पत्रकार परिषद में यह जानकारी दी।
लाभार्थी किसानों की सूची संबंधित ग्राम पंचायत, गांव की चावड़ी, विविध कार्यकारी सेवा संस्थाओं तथा संबंधित बैंक शाखाओं में उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन ने पात्र किसानों से जल्द से जल्द आधार प्रमाणीकरण (केवायसी) पूरा करने की अपील की है। इसके लिए किसानों को 31 मार्च 2027 से पहले आधार प्रमाणीकरण पूरा करना होगा। इसके लिए नजदीकी ‘आपले सरकार सेवा केंद्र’ या संबंधित बैंक शाखा में जाकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। प्रमाणीकरण के लिए लाभार्थी क्रमांक, आधार कार्ड और बैंक पासबुक साथ ले जाना जरूरी है। सीएससी केंद्रों पर आधार प्रमाणीकरण की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसानों को कर्जमाफी की जानकारी वाली रसीद दी जाएगी। बायोमेट्रिक या फिंगरप्रिंट में परेशानी होने पर तहसीलदार के पास ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध है।
किन कर्जों पर मिलेगी कर्जमाफी?
योजना के तहत 1 अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2025 के बीच लिए गए अल्पावधि फसल कर्ज को शामिल किया गया है। 30 सितंबर 2025 तक बकाया और 31 मार्च 2026 तक चुकता नहीं किये गये कर्ज योजना के लिए पात्र होंगे। पात्र किसानों का 2 लाख रुपये तक का कर्ज पूरी तरह माफ किया जाएगा। जिन किसानों का बकाया कर्ज 2 लाख रुपये से अधिक है, उन्हें अतिरिक्त राशि 31 मार्च 2027 तक जमा करनी होगी। इसके बाद ही वे कर्जमाफी के लिए पात्र होंगे।
नियमित कर्ज चुकाने वालों को भी प्रोत्साहन:
समय पर कर्ज चुकाने वाले किसानों को सरकार की ओर से 50 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन अनुदान दिया जाएगा। गांव में उपलब्ध सूची और ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज बकाया राशि में अंतर होने की स्थिति में पोर्टल पर दर्ज राशि को अंतिम माना जाएगा। आधार प्रमाणीकरण पूरा होने के बाद कर्जमाफी की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के कर्ज खाते में जमा की जाएगी। इसके बाद संबंधित किसानों को ‘कर्ज बकाया नहीं’ प्रमाणपत्र (नो ड्यूज सर्टिफिकेट) दिया जाएगा।





