spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

अजनी थाने में छत का पैनल गिरा, टला बड़ा हादसा

– कर्मचारी के मौके पर नहीं होने से बची जान

नागपुर :- अजनी पुलिस थाने में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन डायरी परिसर की छत का एक पैनल अचानक गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय उस स्थान पर कोई पुलिस कर्मचारी, शिकायतकर्ता या नागरिक मौजूद नहीं था। इससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, जिस टेबल पर पुलिस कर्मचारी नियमित रूप से बैठकर काम करते हैं, संबंधित कर्मचारी घटना के समय काम के सिलसिले में पास के कमरे में गया था। इसी दौरान छत का पैनल गिर गया। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल मौके का निरीक्षण किया। अजनी पुलिस थाने की इमारत कई वर्ष पुरानी है। थाने की कई कमरे आकार में छोटे हैं, जिसके कारण अधिकारियों और कर्मचारियों को सीमित जगह में काम करना पड़ता है। स्वच्छतागृहों के रखरखाव सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी की शिकायत भी सामने आती रही है। शिकायत लेकर आने वाले नागरिकों को कई बार थाने के बाहर खुले में रखी बेंच पर इंतजार करना पड़ता है। बारिश के दौरान छत का पैनल गिरने की घटना ने इमारत की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाने के समीप पुलिस आवासीय परिसर में भी कुछ इमारतों को जर्जर स्थिति के कारण बंद किया गया है।

स्मार्ट पुलिस थाने की मांग

घटना के बाद अजनी पुलिस थाने की इमारत का संपूर्ण संरचनात्मक एवं अभियांत्रिकी परीक्षण कराने की मांग उठ रही है। नागरिकों का कहना है कि इमारत के अन्य हिस्सों में भी किसी प्रकार का खतरा है या नहीं, इसकी जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। पुलिस थाने के परिसर में पर्याप्त खुली जगह उपलब्ध होने के कारण यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई इमारत बनाने की मांग भी जोर पकड़ रही है। नागरिकों के अनुसार, नए थाने में सुरक्षित संरचना, पर्याप्त कार्यालयीन स्थान, डिजिटल सुविधाएं और नागरिकों के लिए बेहतर सेवा व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिए।

Popular Articles