– 20 घंटे बंधक बनाकर नाबालिग से मारपीट और यौन हिंसा
नागपुर :- शहर में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए हुई दोस्ती के बाद एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ कथित तौर पर मारपीट, चाकू से हमला और यौन हिंसा का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठाणे निवासी 19 वर्षीय युवक किशोरी को दिघोरी स्थित एक कमरे में ले गया और करीब 20 घंटे तक उसे बंधक बनाए रखा। शिकायत मिलने के बाद हुडकेश्वर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाला। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, करीब चार साल पहले किशोरी की आरोपी से ऑनलाइन गेमिंग के दौरान पहचान हुई थी। आरोपी ने ‘आकाश मेहरा’ नाम का इस्तेमाल कर उससे ऑनलाइन बातचीत शुरू की और दोस्ती बढ़ाई। पिछले करीब एक वर्ष में वह दो बार नागपुर भी आया था। रविवार सुबह किशोरी घर से अपनी सहेली के यहां जाने की बात कहकर निकली थी। आरोप है कि आरोपी उसे दिघोरी स्थित एक कमरे में ले गया। वहां उसने किशोरी को धमकाया और उसके साथ मारपीट की। घटना के दौरान किशोरी को चोटें भी आईं। किशोरी के करीब 20 घंटे तक घर नहीं लौटने और उसका मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद उसके पिता ने हुडकेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से किशोरी की तलाश शुरू की। पुलिस ने किशोरी को कमरे से सुरक्षित बाहर निकाला। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ नाबालिग से संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जा रही है।





