– हितज्योति आधार फाउंडेशन के प्रयास रंग लाए
सावनेर :- शहर के गांधी चौक पर लगातार हो रहे सड़क हादसों और नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए हितज्योति आधार फाउंडेशन की ओर से स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग लगातार उठाई जा रही थी। फाउंडेशन के प्रयासों और लगातार किए गए फॉलोअप के बाद आखिरकार गांधी चौक पर स्पीड ब्रेकर लगा दिया गया है।
स्पीड ब्रेकर लगने से इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित होने और सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद है। फाउंडेशन के संस्थापक हितेश बंसोड ने इस जनहित के मुद्दे पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करने के लिए सावनेर पुलिस थाने की पुलिस निरीक्षक ऋतुजा जाधव सहित संबंधित प्रशासन का आभार व्यक्त किया।बंसोड ने कहा कि समाजहित के मुद्दों को सामने रखने वाले पत्रकार, संवेदनशील प्रशासन और जागरूक नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से ही जनहित के कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि गांधी चौक पर लगाया गया यह स्पीड ब्रेकर केवल एक यातायात व्यवस्था नहीं, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। फाउंडेशन ने भविष्य में भी नागरिकों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहने का संकल्प व्यक्त किया है।





