spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

दिव्यांगों के लिए खुली उम्मीद की नई राह

– 10 अगस्त को मुख्यमंत्री फडणवीस करेंगे उपकरणों का वितरण

– जयपुर फुट शिविर में उमड़ी भीड़

नागपुर :- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना और नागपुर महानगरपालिका के सहयोग से आयोजित दिव्यांगों के लिए नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर में शुक्रवार को लाभार्थियों के पंजीयन के लिए बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे। कविवर्य सुरेश भट सभागार परिसर में आयोजित इस शिविर को पहले ही दिन उत्साहजनक प्रतिसाद मिला।

यह शिविर 7 से 10 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें दिव्यांग, दृष्टिबाधित और श्रवणबाधित व्यक्तियों को जयपुर फुट, व्हीलचेयर, वॉकर, कैलिपर, बैसाखियां, कृत्रिम पैर, ट्राइसाइकिल, ब्लाइंड स्टिक और श्रवण यंत्र नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर का समापन 10 अगस्त को सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुख्य आतिथ्य में होगा। यह शिविर नागपुर महानगरपालिका, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, नागपुर जिला परिषद, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र और टाटा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया है।

शिविर का शुभारंभ अतिरिक्त आयुक्त मुरुगानंथम एम. ने जयपुर फुट निर्माण मशीन का पूजन कर किया। इस अवसर पर भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के नारायण व्यास, समन्वयक सुबोध भंडारी, मुख्यमंत्री सचिवालय की सहसचिव आशा पठान, समाज विकास विभाग की उपायुक्त डॉ. रंजना लाडे, उपायुक्त निर्भय जैन, राजेश भगत, डॉ. मेघना वासनकर, सहायक आयुक्त नरेंद्र बावनकर, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले, वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपक सेलोकर, सूचना एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी स्वप्निल लोखंडे, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र बहिरवार, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पीयूष अंबुलकर तथा अभिजीत राऊत सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

पंजीयन, जांच और माप की व्यवस्था:

शिविर में प्रत्येक प्रकार के दिव्यांगों के लिए अलग-अलग पंजीयन काउंटर बनाए गए हैं। पंजीयन के बाद चिकित्सकीय जांच और आवश्यक उपकरणों के लिए माप लिया जा रहा है। जयपुर फुट का निर्माण लाभार्थी के माप के अनुसार शिविर स्थल पर ही किया जा रहा है, जिससे उन्हें तत्काल लाभ मिल रहा है। लाभार्थियों की सुविधा के लिए नगर निगम के कर्मचारी, एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवक लगातार सहायता कर रहे हैं।

3 हजार दिव्यांगों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य:

भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के समन्वयक सुबोध भंडारी ने बताया कि संस्था पिछले 50 वर्षों से जयपुर फुट उपलब्ध करा रही है। इस विशेष शिविर के माध्यम से नागपुर शहर के 3,000 से अधिक दिव्यांगजनों को नि:शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज:

शिविर में पंजीयन के लिए दिव्यांगता का चिकित्सा प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र तथा दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो आवश्यक हैं।

10 अगस्त को होगा समापन समारोह

शिविर का समापन 10 अगस्त को मुख्यमंत्री फडणवीस के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, दिव्यांग कल्याण मंत्री अतुल सावे, राज्यमंत्री आशीष जायसवाल, सांसद माया इवनाते, श्यामकुमार बर्वे, महापौर नीता ठाकरे, नगर आयुक्त डॉ. विपिन, पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद, विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.