spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नासिक में लगातार भूकंप के झटके, 3.3 तीव्रता

– लोगों में दहशत, प्रशासन एलर्ट मोड में

नासिक :- महाराष्ट्र के नासिक जिले में रविवार सुबह एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किये गये। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, तड़के 5:33 बजे आए भूकंप की तीव्रता 3.3 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। हालांकि, भूकंप से किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

इससे पहले शनिवार रात करीब 10 बजे भी नासिक और आसपास के इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे।एनसीएस के अनुसार, शनिवार को आए भूकंप की तीव्रता 4.3 मैग्नीट्यूड थी और इसका केंद्र महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के आसपास करीब 5 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है। भूकंप के दौरान घरों और दुकानों में कंपन होने तथा छतों और दरवाजों के हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। सुरगाणा, डिंडोरी, सप्तश्रृंगी गढ़ और पेठ समेत ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा नासिक शहर के कई हिस्सों में भी झटके महसूस किये गये। कुछ स्थानों पर मकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी सामने आई है, हालांकि बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील

पिछले कुछ दिनों से नासिक जिले में लगातार भूकंप के हल्के झटके महसूस किए जा रहे हैं। शनिवार के झटकों के बाद पंचवटी क्षेत्र में कुछ लोगों ने लिफ्ट में भी कंपन महसूस होने की जानकारी दी। नासिक के जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने नागरिकों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर रख रही हैं और संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों को भूकंप के दौरान खिड़कियों, कांच, अलमारी और भारी सामान से दूर रहने की सलाह दी है। संभव हो तो मजबूत मेज के नीचे सुरक्षित स्थान लेने और झटकों के दौरान लिफ्ट का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है। झटके रुकने के बाद सुरक्षित तरीके से खुले स्थान पर जाने तथा बिजली की लाइनों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों और बिना पुष्टि वाली सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने को कहा है।

Popular Articles