spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

चालान पर भड़का चालक, समृद्धि महामार्ग किया जाम

– ट्रेलर आड़ा खड़ा कर चाबी लेकर हुआ फरार, पुलिस ने हटवाया वाहन

नागपुर :- समृद्धि महामार्ग पर रविवार दोपहर एक ट्रेलर चालक द्वारा मुंबई की ओर जाने वाली लेन में भारी वाहन खड़ा कर देने से करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। बताया गया कि आरटीओ अधिकारियों द्वारा चालान किए जाने से नाराज चालक ने ट्रेलर को सड़क पर आड़े-तिरछे खड़ा कर दिया और वाहन की चाबी लेकर मौके से चला गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।

अधिकारियों के अनुसार, वर्धा जिले के विरुल के पास ट्रेलर को एक्सप्रेसवे पर अवैध रूप से खड़ा करने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में चालान किया गया था। इसके बाद चालक की आरटीओ अधिकारियों से बहस हुई। कुछ देर बाद उसने ट्रेलर को मुंबई की ओर जाने वाली सभी लेन को अवरुद्ध करते हुए खड़ा कर दिया। हाईवे पुलिस ने करीब एक घंटे बाद चालक से चाबी हासिल कर ट्रेलर हटवाया और यातायात बहाल कराया। हाईवे पुलिस अधीक्षक लोहित मतानी ने बताया कि चालक चाबी लेकर मौके से फरार हो गया था। अधिकारियों ने उसे तलाश कर चाबी बरामद की और ट्रेलर हटाकर यातायात सुचारु कराया।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी किरण बिडकर ने बताया कि एक्सप्रेसवे अवरुद्ध करने और सरकारी अधिकारियों को ड्यूटी करने से रोकने के मामले में चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। चालक का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मौके पर मौजूद कुछ ट्रक चालकों ने दावा किया कि ट्रेलर पर 13,500 रुपये का चालान किए जाने के बाद आरटीओ अधिकारियों ने वाहन की चाबी और दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चालान भरने के बावजूद वाहनों को एक्सप्रेसवे पर आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। आरटीओ अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज किया है।

Popular Articles