नागपूर :- मुस्लिम यूथ लीग, नागपुर द्वारा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के सहसचिव आशा पठान, सचिवालय (हैदराबाद हाउस) नागपुर तथा नागपुर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आगामी ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर संपूर्ण महाराष्ट्र राज्य तथा नागपुर जिले में शराबबंदी (ड्राई डे) लागू करने की मांग की गई है।
मुस्लिम यूथ लीग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज़ुबैर खान ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी पैगंबर हज़रत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है, जिसे श्रद्धा, सम्मान, शांति एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया जाता है। इस अवसर पर राज्यभर में जुलूस, धार्मिक सभाएं, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिक भाग लेते हैं।

मुस्लिम यूथ लीग, नागपुर ने अपने ज्ञापन में मांग की है कि इस पवित्र दिवस की गरिमा एवं सम्मान को बनाए रखने तथा सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ईद मिलादुन्नबी के दिन महाराष्ट्र राज्य एवं नागपुर जिले में सभी प्रकार की शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाते हुए ड्राई डे (शराबबंदी) घोषित किया जाए।
इस डेलिगेशन में ज़ुबैर खान (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष- मुस्लिम यूथ लीग), इरशाद अंसारी (शहर अध्यक्ष – मुस्लिम यूथ लीग नागपुर), बख़्तियार सुलेमान (शहर महासचिव- मुस्लिम यूथ लीग नागपुर), तौसीफ कुरैशी (शहर कोषाध्यक्ष), इम्तियाज़ अंसारी, शाहबाज़ खान, जियाउर्रहमान अंसारी, इकराम खान, मोइन खान, नाजिम शेख, शाहबाज शाह व अन्य उपस्थित थे।








