नागपुर :- गुप्त सूचना के आधार पर अंबाझरी पुलिस की हुक्का पार्लर के खिलाफ कार्रवाई में एक अवैध हुक्का पार्लर का मामला सामने आया है। पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी पथक ने गोकुलपेठ स्थित एक लाउंज पर छापा मारकर हुक्का पार्लर के संचालन का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में हुक्का पार्लर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को रात 1.30 बजे से सुबह 4.45 बजे के दौरान क्राइम ब्रांच की मादक पदार्थ विरोधी पथक के अधिकारी व अंमलदारों को मिली विश्वसनीय जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने अंबाझरी थाना क्षेत्र के लक्ष्मी-कृपा अपार्टमेंट, एनबी रोड, क्वीन बुक डिपो के सामने, गोकुलपेठ स्थित निंबस लाउंज’ में पंचों की मौजूदगी में छापेमारी की। जांच के दौरान हुक्का पार्लर संचालित किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मौके से हुक्का पार्लर के संचालक शेख समीर शेख वकील अहमद (32) को पकड़ा। आरोपी का पता फ्लैट नंबर 335, कुतुबशाह नगर, काटोल रोड, गिट्टीखदान, नागपुर बताया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने आर्थिक लाभ के लिए बिना अनुमति अवैध रूप से हुक्का पार्लर चला रहा था। आरोपी के तीन वेटरों के माध्यम से 10 ग्राहकों को शासन द्वारा प्रतिबंधित तंबाकू जन्य हुक्का पदार्थ सेवन के लिए उपलब्ध कराए जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हुक्का पार्लर में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, हुक्का पॉट, विभिन्न फ्लेवर के तंबाकू तथा अन्य सामग्री सहित कुल 13,870 रुपये का माल जब्त किया।
इस मामले में पुलिस ने हुक्का पार्लर संचालक, वेटरों तथा ग्राहकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत अंबाझरी थाने में मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपियों को जब्त माल सहित अंबाझरी पुलिस के हवाले किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।





