spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

नकली नोटों के साथ वन्यजीव अंग और अफीम भी बरामद

– उमरेड पुलिस की कार्रवाई में चार आरोपी गिरफ्तार; 7.90 लाख का मुद्देमाल जब्त

नागपुर/उमरेड :- नकली नोट तैयार कर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह पर कार्रवाई के दौरान उमरेड पुलिस को वन्यजीवों के अंग और मादक पदार्थ भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नकली नोट, वाहन, नकदी, वन्यजीवों के अंग, अफीम और अन्य सामग्री सहित कुल 7 लाख 90 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया है।

1. पुलिस को 26 अगस्त को उमरेड शहर के घटाटी रोड परिसर में कुछ लोगों द्वारा नकली नोट तैयार कर उनकी बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश के लिए गश्त शुरू की। इसी दौरान घटाटी रोड से उमरेड की ओर आ रही कार क्रमांक एमएच 06/ वी 6549 पुलिस को दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोककर उसकी तलाशी ली। कार की तलाशी के दौरान भासेला कॉलोनी, करनाल, हरियाणा निवासी कुलदीप धनुराम कश्यप (36), मोहित नरेश कश्यप (26), गौरव राधेश्याम कश्यप (25), तीनों डोबर कॉलोनी, रामलीला ग्राउंड, पानीपत, हरियाणा निवासी और एक महिला आरोपी के पास से 100 रुपये मूल्य के नकली नोटों के छह बंडल, यानी 60 हजार रुपये, तथा 10 रुपये मूल्य के 99 नोट यानी 990 रुपये बरामद हुए।

आरोपियों से पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस को वन्यजीवों के अंग भी मिले। इनमें साही के कांटों जैसी एक सींग नुमा वस्तु, हिरण के सींग जैसा एक सींग तथा बाघ के दांत बताए गए हैं। इसके अलावा वाहन में एक धातु के डिब्बे से काले-कत्थई रंग का 4.34 ग्राम वजन का पदार्थ मिला, जिसकी कीमत करीब 21,700 रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में इसे अफीम जैसा मादक पदार्थ बताया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी नागरिकों को कम रकम देने पर उसके बदले अधिक मूल्य के नकली नोट देने का झांसा देते थे। वे कागज, कांच, मशीन/लॉकर, रासायनिक बोतलें और अन्य सामग्री दिखाकर लोगों का विश्वास हासिल करते थे। इसके बाद पैसे लेने के बाद नकली नोट दिए बिना फरार हो जाते थे। इस ठगी में उमरेड निवासी अक्षय वसंतराव पाटिल की संलिप्तता भी जांच में सामने आई है। पुलिस ने कार, नकली नोट, नकदी, वन्यजीवों के अंग, मादक पदार्थ और अन्य सामग्री सहित कुल 7,90,000 रुपये का माल जब्त किया है।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4), 3 (5) तथा अन्य संबंधित धाराओं के साथ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और एनडीपीएस कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई नागपुर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं उप विभागीय पुलिस अधिकारी उमरेड मयंक माधव के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक धनाजी जलक, प्रभारी अधिकारी उमरेड पुलिस स्टेशन तथा पुलिस टीम ने की।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.