– जिलाधिकारी ने निजी अस्पतालों के साथ की बैठक
नागपुर :- गोधनी ग्राम पंचायत क्षेत्र स्थित महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण (एमजेपी) के जल शोधन संयंत्र में क्लोरीन गैस रिसाव से प्रभावित मरीजों के इलाज का पूरा खर्च महाराष्ट्र सरकार वहन करेगी। हादसे के बाद विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों के उपचार और बिलों के भुगतान की प्रक्रिया तय करने के लिए जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने संबंधित अस्पतालों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी को तत्काल आवश्यक कदम उठाने और प्रभावित लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। 24 अगस्त की तड़के गोधनी जलशुद्धीकरण केंद्र में रखे क्लोरीन गैस के दो सिलेंडरों में से एक में रिसाव होने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। गैस की चपेट में आने से कई लोग प्रभावित हुए। फिलहाल करीब 59 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
निजी अस्पतालों को स्पष्ट निर्देश
प्रभावित मरीज मैक्स अस्पताल, स्पर्श अस्पताल, विवेका अस्पताल, सिनर्जी अस्पताल, ऑलराइट अस्पताल और किंग्सवे अस्पताल समेत अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। बैठक में जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित मरीजों के इलाज, जांच, दवाओं और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने अस्पतालों से कहा कि इलाज के नाम पर किसी भी मरीज या उसके परिजन से कोई राशि न ली जाए। साथ ही, उपचार से संबंधित बिलों के भुगतान के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।





