– पार्षद के घर फायरिंग मामले में 50 से ज्यादा फुटेज खंगाले, 8-10 संदिग्धों से पूछताछ
नागपुर :- कांग्रेस नगरसेवक के घर पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दोपहिया वाहन से फरार हुए दोनों हमलावरों का 37 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। आरोपियों की तलाश में शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस की विभिन्न टीमें रवाना की गई हैं। पुलिस अब तक 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल चुकी है। वहीं, 8 से 10 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई है। इसके बावजूद हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है।
प्रभाग क्रमांक 26 के कांग्रेस नगरसेवक शुभम मोटघरे भांडेवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के श्रावण नगर में रहते हैं। बुधवार रात घटना के समय मोटघरे घर की ऊपरी मंजिल पर सोने गए थे। इसी दौरान उन्हें बिजली के ट्रांसफार्मर में विस्फोट जैसी तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उन्होंने बालकनी में जाकर देखा और बाद में घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची। फुटेज में दो युवक दोपहिया वाहन से घर की ओर आते दिखाई दिए। पीछे बैठे युवक ने पार्षद के घर की दिशा में गोली चलाई और इसके बाद दोनों तेजी से वहां से फरार हो गए।
चेहरा ढका होने से पहचान में अड़चन
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि दोनों हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। ऐसे में घटना का सीसीटीवी फुटेज मिलने के बावजूद उनकी पहचान करने में दिक्कत आ रही है। पुलिस ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर भी तलाश शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों से पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। 37 घंटे बाद भी आरोपियों के हाथ नहीं लगने से मामले की जांच कर रही पुलिस के सामने चुनौती बढ़ गई है।





