– पुलिस ने बाइक समेत 1.10 लाख का माल किया जब्त
नागपुर :- अवैध रूप से अग्निशस्त्र रखने वाले एक युवक के खिलाफ एमआईडीसी बोरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देसी माउजर, चार जिंदा कारतूस, मैगजीन और एक दोपहिया वाहन समेत कुल 1 लाख 10 हजार रुपये का माल जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वार्ड क्रमांक 1, वाटेघाट, तह. हिंगना, जि. नागपुर निवासी अभिषेक संजय चौधरी (20) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को एमआईडीसी बोरी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वाटेघाट निवासी अभिषेक चौधरी अपने पास अवैध हथियार रखकर किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वाटेघाट स्थित पानी की टंकी के पास पहुंचकर बुलेट क्रमांक एमएच-40/सीपी-7089 के साथ अभिषेक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर छिपाकर रखा देसी माउजर और जिंदा कारतूस पुलिस को निकालकर दिए। हथियार के लाइसेंस के संबंध में पूछताछ करने पर उसके पास कोई वैध अनुमति नहीं होने की जानकारी सामने आई।
1.10 लाख का माल जब्त
पंचों की मौजूदगी में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देसी निर्मित माउजर (35 हजार रुपये), मैगजीन (1 हजार रुपये), चार जिंदा कारतूस (4 हजार रुपये) और बुलेट मोटरसाइकिल (70 हजार रुपये) सहित कुल 1 लाख 10 हजार रुपये का माल जब्त किया। इस मामले में एमआईडीसी बोरी पुलिस थाने में आरोपी अभिषेक चौधरी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस हथियार उसके पास कहां से आया और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के और सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक माधव के मार्गदर्शन में एमआईडीसी बोरी पुलिस टीम ने की।





