– राखी बंधवाकर दिया सुरक्षा और भरोसे का संदेश
नागपुर :- रक्षाबंधन के अवसर पर नागपुर शहर के पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित प्रियदर्शिनी निराधार महिला छात्रावास का सद्भावना दौरा किया। शाम करीब 5.30 बजे पहुंचे पुलिस आयुक्त ने छात्रावास में रहने वाली महिलाओं और युवतियों से आत्मीयता से संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुख-दुख के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान पुलिस आयुक्त ने महिलाओं और युवतियों को भरोसा दिलाया कि वे खुद को अकेला न समझें, नागपुर शहर पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को मिठाई वितरित कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उन्हें स्नेह, सुरक्षा एवं सहयोग का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘रक्षा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि विश्वास का रिश्ता है। नागपुर शहर पुलिस हर जरूरतमंद महिला की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है।‘ पुलिस की वर्दी से परे मानवीय संवेदनाओं का स्पर्श देने वाले इस पहल से छात्रावास की महिलाओं में भावनात्मक अपनापन और सुरक्षा की भावना देखने को मिली।





