– जगह-जगह सड़क, पुल और अंडरपास का निर्माण; बढ़ते वाहनों से जाम की आशंका
नागपूर :- शहर में विकास कार्यों के नाम पर जगह-जगह सड़क, ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण जारी है। निर्माण कार्यों के चलते नागरिकों को रोजाना जाम और धीमी यातायात गति की समस्या से जूझना पड़ रहा है। अब गणेशोत्सव नजदीक है और उत्सव के दौरान सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से यह समस्या और गंभीर होने की आशंका है।
शहर के प्रमुख मार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों के कारण पहले ही कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कहीं सड़क का हिस्सा खोदा गया है तो कहीं बैरिकेडिंग के कारण वाहनों के लिए उपलब्ध मार्ग संकरा हो गया है। ऐसे में गणेशोत्सव के दौरान मंडपों, बाजारों और धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने पर यातायात व्यवस्था की परीक्षा होगी। गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के साथ खरीदारी के लिए निकलने वाले नागरिकों और सार्वजनिक परिवहन के वाहनों की संख्या भी बढ़ती है। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में गणेश मंडप और विसर्जन से संबंधित गतिविधियों के कारण कुछ मार्गों पर यातायात में बदलाव किए जाने की संभावना रहती है। ऐसे में निर्माणाधीन सड़कों और पुलों के कारण वैकल्पिक मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ सकता है।
नागरिकों का कहना है कि त्योहार से पहले निर्माणाधीन मार्गों पर यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक मार्गों की स्पष्ट व्यवस्था करना जरूरी है। समय रहते उचित नियोजन नहीं किया गया तो गणेशोत्सव के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा सकती है और वाहन चालकों की परेशानी कई गुना बढ़ सकती है।





