– 400 से अधिक गैस सिलेंडर का जखीरा जब्त, उड़न दस्ते ने की कार्रवाई
नागपुर :- चिखली-कलमना क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफिलिंग किए जाने की सूचना पर जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में गठित उड़न दस्ते ने बुधवार को कार्रवाई की। जांच के दौरान मौके से घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के 400 से अधिक गैस सिलेंडर पाए गए। इनमें 14.2 किलो, 19.2 किलो, 5 किलो और 2 किलो क्षमता के सिलेंडर शामिल हैं।
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन तथा जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद पडोले के नेतृत्व में परिमंडल अधिकारी सागर बावरे, वैभव खैरकर और आपूर्ति निरीक्षक प्रदीप भावे की टीम ने चिखली-कलमना परिसर में संबंधित स्थल का निरीक्षण किया। यहां गैस सिलेंडरों का अनधिकृत रूप से रिफिलिंग किए जाने की जानकारी मिलने के बाद पथक ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान सिलेंडरों के भंडारण, उनके उपयोग, रिफिलिंग की प्रक्रिया तथा इसके लिए आवश्यक अनुमति और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, सिलेंडरों की संख्या और उनके प्रकार सहित अन्य संबंधित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पंचनामा, FIR की प्रक्रिया शुरू
मौके पर मिले सिलेंडरों के अनधिकृत भंडारण और रिफिलिंग के संबंध में पंचनामा तैयार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में संबंधित पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू है। जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्रचलित कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।.





