spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

ट्रैवल्स बस ने मां-बेटे को मारी टक्कर

– 20 फुट तक बस के साथ घसीटती रही महिला और मासूम

नागपुर :- देशपांडे लेआउट के वैष्णो देवी चौक पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ट्रैवल्स बस की चपेट में आने से दोपहिया वाहन सवार महिला और उसका तीन वर्षीय बेटा घायल हो गया। टक्कर के बाद दोनों बस के अगले हिस्से में फंस गए और चालक उन्हें करीब 20 फुट तक घसीटता ले गया। नागरिकों के बस रुकवाने के बाद चालक को हादसे की जानकारी हुई। घायलों में वर्धमाननगर निवासी दामिनी हेमंत उठडा (32) और उनका बेटा रिवांश (3) शामिल हैं। इस मामले में दामिनी के पति हेमंत उठडा की शिकायत पर पुलिस ने बिनाकी मंगलवारी निवासी बस चालक चंद्रकुमार सुंदर लिहझरे (32) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चंद्रकुमार संजय ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमएच-40-सीटी-6268 चला रहा था।

पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12.40 बजे चंद्रकुमार देशपांडे लेआउट की ओर से बस लेकर जा रहा था। इसी दौरान दामिनी अपने बेटे रिवांश को स्कूल से लेकर दोपहिया वाहन क्रमांक एमएच-49-टीसीडी-053 से घर लौट रही थीं। वैष्णो देवी चौक पर सिग्नल पार करने के बाद उन्होंने बस को बाईं ओर से ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दामिनी और रिवांश दोपहिया वाहन से गिर गए और बस के अगले हिस्से में फंस गए। चालक बस को आगे ले जाता रहा और दोनों करीब 20 फुट तक घिसटते चले गए। नागरिकों ने शोर मचाकर बस रुकवाई। इसके बाद चालक को घटना की जानकारी हुई। नागरिकों ने चालक को पकड़ लिया और घायल मां-बेटे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में दोनों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिसर में तत्काल पुलिस की मौजूदगी नहीं होने को लेकर नागरिकों में नाराजगी देखी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.