नागपुर :- बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में तृप्ति बार के पास घायल अवस्था में मिले मजदूर शंकर मनोहरराव कुकड़े (36) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस के अनुसार, शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद शंकर के साथ मारपीट की गई और उसके सिर पर गंभीर वार किए गए, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शंकर मनोहरराव कुकड़े (36) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से हिंगनघाट का रहने वाला था और पिछले करीब पांच वर्षों से नागपुर में हाथ-मजदूरी का काम कर रहा था। वह बीच-बीच में अपने गांव हिंगनघाट भी जाता था। जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर की रात शंकर तृप्ति बार के पास घायल अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद बेलतरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गई। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल अस्पताल पहुंचने पर शंकर के भाई प्रमोद मनोहरराव कुकड़े (44) ने शव की पहचान की। शंकर के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों की शिकायत पर बेलतरोड़ी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ युवक शंकर के साथ मारपीट करते दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने सनी संताराम गायकवाड़ (23), रोहित रामेश्वर खुजनारे (23) और तुषार संजय खंडारे (23) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, शराब पीने के दौरान शंकर और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने शंकर के साथ मारपीट की और उसके सिर पर गंभीर वार किए। चोटों के चलते बाद में उसकी मौत हो गई।जांच में गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी सामने आई है।





