– जामसांवली से दर्शन कर लौटते समय पाम कोर्ट के पास हादसा
नागपुर :- सावनेर पुलिस थाना क्षेत्र में 19 सितंबर की शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा शाम करीब 7 बजे जामसांवली से दर्शन कर लौटते समय पाम कोर्ट लॉन के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल के गलत दिशा से तेज गति में आने के कारण यह दुर्घटना हुई।
हादसे की जानकारी मिलते ही हितज्योति आधार फाउंडेशन के समाजसेवी हितेश बंसोड़ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सावनेर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को आगे के उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया। इस हादसे में मानेगांव, जिला नागपुर निवासी पवन विट्ठल भास्करे (27) की मौत हो गई। उसकी मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार पार्वती नगर, नागपुर निवासी दिलीप रामसुख कैथवास (52) और निवासी नागपुर विनोद भगवती प्रसाद श्रीवास (50) घायल हुए हैं। हादसे में शामिल मोटरसाइकिलों में एक का पंजीकरण क्रमांक एमएच-40/ डीएम-3126 और दूसरी का एमएच-31/ सीई-3656 बताया गया है।
स्ट्रीट लाइट बंद होने से बढ़ी चिंता
हादसे के बाद पाम कोर्ट क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। घटनास्थल के आसपास स्ट्रीट लाइट बंद होने से रात के समय दृश्यता प्रभावित होने की बात सामने आई है। गणेशोत्सव के कारण क्षेत्र में लोगों की आवाजाही भी बढ़ी हुई है। ऐसे में स्थानीय नागरिकों ने स्ट्रीट लाइट शुरू करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।





