नागपुर :- यशोधरानगर पुलिस स्टेशन की नाइट पेट्रोलिंग टीम ने अवैध गोवंश तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए चार गायों और एक बछड़े को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी प्लॉट नंबर 110, उत्तम नगर, गोरेवाड़ा, पोस्ट ऑफिस मानकापुर, नागपुर निवासी राकेश मनोज यादव (40) को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही चार पहिया गाड़ी सहित कुल 3,85,000 रुपये का माल जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार 18 सितंबर, शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजे यशोधरानगर क्षेत्र के ऑटोमोबाइल चौक के पास स्थित ओबेरॉय पैलेस के पास यह कार्रवाई की गई। गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध टाटा वाहन दिखा, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें मवेशियों को बिना किसी पशुचिकित्सा प्रमाण पत्र के बेहद क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में विविध धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। इस कार्रवाई में 85,000 मूल्य के गोवंश और 3 लाख मूल्य का वाहन जब्त किया गया है। यह पूरी कार्रवाई यशोधरानगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक यूनुस चांद शेख के मार्गदर्शन में नाइट पेट्रोलिंग टीम के हेड कांस्टेबल गणेश गुप्ता, रवि अहीर तथा पुलिस कर्मी लक्ष्मण पडवाल, रितेश दुधे और अमोल भेंडेकर द्वारा की गई।





