– ट्रक में प्लास्टिक स्क्रैप के नीचे छिपाकर हो रही थी तस्करी
नागपुर :- गड़चिरोली जिले में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की आपूर्ति के मामले में नागपुर क्राइम ब्रांच के वाहन चोरी विरोधी दस्ते ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने प्लास्टिक स्क्रैप के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही नकली देसी शराब की 390 पेटियां जब्त कीं। इनमें 90 एमएल की 39 हजार बोतलें थीं। शराब और ट्रक समेत कुल 28.70 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।इस मामले में ट्रक चालक आजादनगर, गिट्टीखदान निवासी अब्दुल तौसिफ अब्दुल हफीज (34) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वर्धा जिले के हिंगनघाट निवासी अंकुश उर्फ अन्ना सुधाकर कुचनवार (38) इस नेटवर्क का प्रमुख आरोपी है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि अमरावती रोड से नागपुर होते हुए एक ट्रक गड़चिरोली की ओर जा रहा है, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर शनिवार रात वाड़ी थानांतर्गत आठवां मैल परिसर में पुलिस ने नाकाबंदी की। रात करीब 2.30 बजे एमएच-40/ सीडी-1591 नंबर के ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में ऊपर प्लास्टिक स्क्रैप भरा मिला। स्क्रैप हटाने पर नीचे शराब की पेटियां मिलीं। पुलिस ने ‘रॉकेट देसी दारू प्रवरा डिस्टिलरी’ की 390 पेटियां बरामद कीं। प्रत्येक पेटी में 90 एमएल की 100 बोतलें थीं। शराब की कीमत करीब 15.60 लाख रुपए बताई गई है। ट्रक की कीमत करीब 13 लाख रुपए है।
धुले से लाई गई थी खेप
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने शराब की खेप धुले जिले से लाए जाने और गड़चिरोली पहुंचाने की जानकारी दी। शराब नकली होने के संदेह पर पुलिस ने राज्य उत्पादन शुल्क विभाग को सूचना दी। निरीक्षक बालाजी चालनेवार, दुय्यम निरीक्षक अक्षय पाथाडे और बलीराम इथर की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
प्राथमिक जांच में शराब नकली होने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने बीएनएस और महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।कार्रवाई थानेदार दिलीप चंदन, पीएसआई विवेक झिंगरे, हेड कांस्टेबल रोशन तिवारी, विलास कोकाटे, सचिन बढ़िये, अजय शुक्ला, नितिन वर्मा, राहुल कुसरामे और अभय ढोणे की टीम ने की।





