– शालिनीताई मेघे अस्पताल परिसर में हादसा, दो गंभीर घायल, चालक फरार
नागपुर :- शालिनीताई मेघे अस्पताल परिसर में रविवार दोपहर निर्माण सामग्री लेकर पहुंचे एक ट्रक ने तीन लोगों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है। मृतक की पहचान श्यामकृष्णन (26) के रूप में हुई है। अमन (23) और श्रद्धा विकी वासेकर घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार दोपहर करीब 2 बजे एमएच-40/सीटी-3161 नंबर का ट्रक निर्माण सामग्री लेकर पहुंचा था। सामग्री उतारने के बाद चालक ट्रक लेकर बाहर निकल रहा था। इसी दौरान अस्पताल की इमारत के पास चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रक ने वहां मौजूद तीन लोगों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के दौरान श्यामकृष्णन ट्रक के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। नागरिकों ने ट्रक को रुकवाकर दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर एमआईडीसी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





