spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

दिवेआगर बीच पर 8 छात्रों की डूबने से मौत

– पुणे से पिकनिक मनाने आए थे 42 छात्र, समुद्र में नहाने के दौरान हुआ हादसा

मुंबई :- महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दिवेआगर बीच पर दर्दनाक हादसे में पुणे के आठ छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज लहरों और समुद्र की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार, पुणे जिले के आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी के 42 छात्र पिकनिक के लिए दिवेआगर पहुंचे थे। इनमें 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र शामिल थे। दोपहर के समय इनमें से आठ छात्र समुद्र में नहाने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान तेज लहरों और बहाव की चपेट में आने से सभी गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

बचाव दल ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों, पर्यटकों और महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों ने बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी आठ छात्रों के शव समुद्र से बाहर निकाले गए।

सभी शवों को बोर्ली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ग्रुप के साथ आए शिक्षकों व अन्य छात्रों से जानकारी जुटाई जा रही है।

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने जताया दुख

रायगढ़ जिले के दिवेआगर में हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ है। सभी मृत विद्यार्थी आलंदी के रहने वाले हैं। उनके पार्थिव शरीर आलंदी लाने के लिए स्थानीय प्रशासन समन्वय कर रहा है। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने रायगढ़ के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और पुणे जिलाधिकारी से फोन पर संपर्क कर राहत कार्य की जानकारी ली। पवार ने मृत विद्यार्थियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

हादसे की जांच के निर्देश

आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने हादसे की जांच के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए विद्यार्थियों को पिकनिक पर ले जाने वाली शैक्षणिक संस्थाओं के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

Popular Articles