– देवी की मूर्ति लेकर जा रही पिकअप वैन को मारी टक्कर, 21 घायल
अमरावती :- महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। हादसा धामणगांव रेलवे के पास एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 97 पर रात करीब 12:45 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी टेम्पो पिकअप वैन बुलढाणा जिले के शेगांव से देवी दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही धामणगांव रेलवे पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस से धामणगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया।
4-5 घायलों की हालत गंभीर
अमरावती ग्रामीण के एसपी निकेतन कदम के अनुसार, हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और 21 लोग घायल हैं। इनमें 4 से 5 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। करीब 14 से 15 घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।








