– जहरीले नाग ने उंगली पर डंसा, मेडिकल में उपचार जारी
नागपुर :- सावनेर में एक जहरीले नाग को पकड़ने का प्रयास 38 वर्षीय गणेश लाड को महंगा पड़ गया। नाग ने उनके बाएं हाथ की उंगली पर डंस लिया। सर्पदंश के बाद उन्हें तत्काल सावनेर के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए नागपुर रेफर किया गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गणेश लाड को दोपहर करीब 12.30 बजे एक स्थान पर सांप निकलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर उन्हें एक नाग दिखाई दिया। उन्होंने उसे पकड़ने का प्रयास किया, तभी नाग ने उनके बाएं हाथ की उंगली पर डंस लिया। सर्पदंश के बाद गणेश को सावनेर के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से नागपुर रेफर किए जाने की जानकारी मिलने पर समाजसेवक हितेश बंसोड़ ने वाइल्डलाइफ वेलफेयर सोसाइटी के सचिव नितिश भांदक्कर से संपर्क किया। सूचना मिलते ही नितिश मेडिकल अस्पताल पहुंचे और गणेश को तत्काल सहायता उपलब्ध कराते हुए अतिदक्षता विभाग में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। वाइल्डलाइफ वेलफेयर सोसाइटी के सचिव नितिश भांदक्कर ने लोगों से अपील की कि सांपों के बारे में पर्याप्त जानकारी न होने पर उन्हें पकड़ने का प्रयास न करें। सांप पकड़ना बेहद जोखिम भरा हो सकता है और सर्पदंश जानलेवा भी साबित हो सकता है। सांप दिखाई देने पर प्रशिक्षित सर्पमित्र या संबंधित विशेषज्ञ की मदद लेने की उन्होंने अपील की।








