spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी और बेटे की मौत

– एक बच्चा गंभीर, हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार

नागपुर :- वर्धा रोड पर शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। गवसी मानापुर परिसर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सड़क पर गिरे परिवार को ट्रेलर ने कुचल दिया। मृतकों की पहचान कारंजा लांजी, बालाघाट निवासी योगेश सुदाम नाइक (45), उनकी पत्नी सुनीता योगेश नाइक (32) और बेटे गुलशन उर्फ गोलू योगेश नाइक (4) के रूप में हुई है। योगेश का बड़ा बेटा तन्मय (6) गंभीर रूप से घायल है। उसका उपचार वर्धा रोड स्थित विवेकानंद अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे योगेश अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ बाइक क्रमांक एमएच-40/ सीडब्ल्यू-5067 से बालाघाट से बूटीबोरी की ओर जा रहे थे। गवसी मानापुर परिसर में पीछे से आए ट्रेलर क्रमांक एचआर-55/ एएक्स-8278 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और परिवार के चारों सदस्य सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ट्रेलर की चपेट में आने से योगेश, सुनीता और गुलशन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर हिंगना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा किया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात सुचारु कराया।

शुरुआत में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में पुलिस ने बाइक के नंबर और घटनास्थल से मिली वस्तुओं के आधार पर मृतकों और घायल बच्चे की पहचान की। पुलिस ने फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Popular Articles