spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

122 करोड़ के उपजिला अस्पताल को मंजूरी

– कामठी में बनेगा अत्याधुनिक जी+2 भवन

– रविदास नगर में 7 एकड़ जमीन तय, ट्रॉमा सेंटर, डायलिसिस यूनिट समेत मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

नागपुर :- कामठी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती आबादी को बेहतर और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कामठी में 122 करोड़ 85 लाख रुपए की लागत से अत्याधुनिक जी+2 उपजिला अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना का प्रस्ताव अंतिम प्रशासनिक मंजूरी के चरण में है। नए अस्पताल के लिए शहर से सटे रविदास नगर परिसर में करीब 7 एकड़ सरकारी जमीन तय की गई है।

इस अस्पताल के निर्माण से कामठी के साथ ही रामटेक, मौदा, पारशिवनी और कन्हान क्षेत्र के हजारों मरीजों को लाभ मिलेगा। इससे गंभीर मरीजों को उपचार के लिए बार-बार नागपुर जाने की जरूरत नहीं पढ़ेगी। अस्पताल के लिए पहले ड्रैगन पैलेस परिसर में जमीन का परीक्षण किया गया था, लेकिन तकनीकी कारणों से उस स्थान को बदलना पड़ा। बाद में रविदास नगर में सरकारी जमीन उपलब्ध कराने में जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुराने अस्पताल में बनेगा मातृ-शिशु केंद्र

वर्तमान में संचालित पुराने उपजिला अस्पताल की इमारत को पूरी तरह विकसित कर अत्याधुनिक मातृ-शिशु अस्पताल में परिवर्तित किया जाएगा। यहां प्रसूति सेवाओं के साथ नवजात शिशुओं के लिए विशेष नवजात अतिदक्षता कक्ष (एनआईसीयू) की सुविधा उपलब्ध होगी। विशेषज्ञ स्त्रीरोग एवं बालरोग चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

जी+1 की जगह अब जी+2 का संशोधित नियोजन

भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पहले प्रस्तावित जी+1 भवन की जगह अब जी+2 का संशोधित नियोजन राज्य सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। नए अस्पताल परिसर में विभिन्न अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

अस्पताल में अत्याधुनिक ट्रॉमा केयर सेंटर बनाया जाएगा। गंभीर दुर्घटनाओं में मरीजों को ‘गोल्डन आवर’ के दौरान तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए आईसीयू और वेंटिलेटर यूनिट की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा डायलिसिस सेंटर भी बनाया जाएगा, जिससे किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए नागपुर जाने की परेशानी कम होगी। विस्तृत ओपीडी और इनडोर विभाग के साथ विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। परियोजना के पूरा होने के बाद कामठी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होने के साथ गंभीर और जरूरतमंद मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

– AI जनरेटेड काल्पनिक चित्र

Popular Articles