– वस्त्र उद्योग भवन का उद्घाटन, हथकरघा साड़ियों का होगा फैशन शो
नागपुर :- नागपुर जिले के धापेवाड़ा तह. कलमेश्वर में 17 अक्टूबर को हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी के हाथों धापेवाड़ा वस्त्रोद्योग उत्पादक कंपनी के नए भवन का उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण यहां तैयार होने वाली हथकरघा साड़ियों का फैशन शो रहेगा, जिसमें मुंबई की मॉडल्स पारंपरिक साड़ियों को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत करेंगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की संकल्पना से आयोजित इस पहल का उद्देश्य विदर्भ के पारंपरिक बुनकरों को नई पहचान और व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है।
शनिवार, 17 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एवं नागपुर के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले तथा राज्य के वस्त्रोद्योग मंत्री संजय सावकारे प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। नए भवन के लोकार्पण के साथ हथकरघा उद्योग की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की शुरुआत की जाएगी।
फैशन शो में दिखेगी पारंपरिक बुनाई की खूबसूरती
धापेवाड़ा में तैयार की जाने वाली हथकरघा साड़ियों को मुंबई की मॉडल्स फैशन शो के माध्यम से प्रदर्शित करेंगी। इसमें पारंपरिक बुनाई, साड़ियों की विशेषताओं और आधुनिक फैशन में उनके उपयोग को दर्शाया जाएगा। इस पहल के जरिए हथकरघा उत्पादों को नए ग्राहकों तक पहुंचाने और स्थानीय उत्पादों के लिए व्यापक बाजार तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। इस आयोजन में कैडियन्स अकादमी भी सहभागी होगी।








