नरखेड संवादाता :- मातोश्री अंजनाबाई मुंदाफले कनिष्ठ महाविद्यालय एवं मातोश्री अंजनाबाई मुंदाफले समाजकार्य महाविद्यालय, नरखेड, जिला नागपुर में वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजकार्य महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. घुबड़े तथा कनिष्ठ महाविद्यालय के प्राचार्य एड. के. बारमाटे ने की. इस अवसर पर वन विभाग के वनपरिक्षेत्र अधिकारी आर. एफ. नान्हे, वनरक्षक नेहारे, कोठेकर, मुंडे तथा वन विभाग की महिला कर्मचारी उपस्थित थीं.
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने वन्यजीवों के संरक्षण की आवश्यकता और उनके संवर्धन के विभिन्न उपायों के बारे में विद्यार्थियों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी. विशेष रूप से विषैले सांपों की विभिन्न प्रजातियों, उनकी विशेषताओं तथा उनसे बचाव के लिए बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया.
इसके साथ ही पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में पेड़-पौधों और वन संपदा के महत्व, उनके संरक्षण की आवश्यकता तथा पर्यावरण के क्षरण से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया.
इस अवसर पर प्रकृति, वन्यजीवों और पर्यावरण का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. विद्यार्थियों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आकर सक्रिय योगदान देना चाहिए, ऐसा आह्वान किया गया.
कार्यक्रम का संचालन प्रा. मेटांगले ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कनिष्ठ महाविद्यालय के प्राचार्य एड. के. बारमाटे ने किया. राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.








