– विद्यार्थियों और शिक्षकों में दिखा उत्साह
गोंदिया :- स्थानीय पी.एम. श्री शहीद जान्या तिम्या जिला परिषद वरिष्ठ प्राथमिक शाला, गोरेगांव में 17 अक्टूबर 2026 को नवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर रास गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों का ज्ञान देना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राध्यापक एवं शिक्षकवृंद, छात्र-छात्राएं, पालकवर्ग तथा शाला व्यवस्थापन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी की उपस्थिति में कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय में शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी महत्व दिया जाना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, आपसी सहयोग और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। रास गरबा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी परंपराओं से जुड़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकवृंद, पालकवर्ग एवं शाला व्यवस्थापन समिति ने विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन में सहभागिता निभाई। इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को आनंदमय बनाने के साथ बच्चों के व्यक्तित्व विकास में भी सहायक सिद्ध होते हैं।








