– 18 से 22 अक्टूबर तक प्लेटफॉर्म टिकट बंद,भीड़ प्रबंधन के लिए जवानों की तैनाती
नागपुर :- दशहरा और धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के अवसर पर 20 अक्टूबर को दीक्षाभूमि में बड़ी संख्या में अनुयायियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नागपुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को अलर्ट मोड पर रखा गया है। नागपुर और अजनी रेलवे स्टेशन पर 18 से 22 अक्टूबर तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस पर देश के विभिन्न हिस्सों से अनुयायी नागपुर पहुंचते हैं। इनमें बड़ी संख्या रेल मार्ग से यात्रा करती है। पिछले वर्षों के अनुभव को देखते हुए इस बार भी स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा के साथ भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जीआरपी को पुणे रेलवे से 35 और मुख्यालय से 40 अतिरिक्त जवान मिले हैं। वहीं, आरपीएफ के पास भी 60 से अधिक अतिरिक्त जवान तैनात हैं। स्टेशन परिसर में 24 घंटे बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वॉड सक्रिय रहेंगे। जरूरत के अनुसार जवानों की ड्यूटी अवधि भी बढ़ाई गई है।
ट्रेनों और सामान की सघन जांच
स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों में विशेष टीमें तलाशी ले रही हैं। मेटल डिटेक्टर की मदद से डिब्बों की जांच की जा रही है। ट्रेनों के नीचे भी बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर स्कैनर से यात्रियों के सामान की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अजनी स्टेशन पर भी अतिरिक्त जवानों के साथ विशेष टीमें गश्त कर रही हैं। त्योहार के दौरान ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए आरपीएफ के जवानों को भीड़ नियंत्रित करने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। जवानों को यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रखने और प्रवेश-निकास मार्गों पर भीड़ का दबाव कम करने के निर्देश दिए गए हैं।
जरूरतमंदों के लिए मिलेगी प्लेटफॉर्म टिकट:
मध्य रेल के नागपुर मंडल ने भीड़ कम करने के उद्देश्य से नागपुर और अजनी स्टेशन पर 18 से 22 अक्टूबर तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद रखने का निर्णय लिया है। हालांकि, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बच्चों और अन्य जरूरतमंद यात्रियों की सहायता के लिए उनके साथ आने वाले व्यक्तियों को आवश्यकता के अनुसार टिकट जारी किए जा सकेंगे। रेलवे प्रशासन टिकट बुकिंग कार्यालयों के आसपास हिंदी और मराठी में सूचना प्रदर्शित करेगा।







