spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

ट्रेडिंग के नाम पर 8.22 लाख रुपये की ठगी

– FTMO CS ऐप के जरिए निवेश का झांसा

नागपुर :- ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 8 लाख 22 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता प्लॉट नंबर 132, सिटी पोस्ट ऑफिस रोड, इतवारी, नागपुर निवासी निखिल केशवराव भोसकर (33) ने इस मामले में तहसील पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने एफटीएमओ सीएस ऐप के संचालकों और एजेंटों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, निखिल भोसकर 25 जुलाई 2026 को एक ग्राहक के यहां सोलर लगाने के सिलसिले में गए थे। इस दौरान उन्होंने हमेशा की तरह जीपीएस फोटो विथ लोकेशन ऐप खोला। इसी ऐप पर उन्हें एफटीएमओ सीएस ऐप के माध्यम से ट्रेडिंग कर कई गुना मुनाफा कमाने का विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन से प्रभावित होकर उन्होंने ऐप डाउनलोड किया और अपना अकाउंट बनाया। इसके बाद वे टेलीग्राम पर एफटीएमओ सीएस चैनल से भी जुड़ गए। शिकायत के अनुसार, ऐप के संचालकों और एजेंटों ने ट्रेडिंग में मुनाफे का भरोसा दिलाते हुए उन्हें अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करने के लिए कहा। उनके झांसे में आकर निखिल भोसकर ने 25 जुलाई से 14 अक्टूबर 2026 के बीच विभिन्न बैंक खातों में कुल 8 लाख 22 हजार 500 रुपये जमा किए। शुरुआत में ऐप पर ट्रेडिंग से मुनाफा होने का आंकड़ा दिखाई देने लगा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपनी रकम निकालने के लिए विड्रॉल रिक्वेस्ट डाली। हालांकि, ऐप संचालकों और एजेंटों ने अलग-अलग कारण बताते हुए टालमटोल शुरू कर दी। काफी प्रयासों के बावजूद उन्हें उनकी रकम वापस नहीं मिली। इसके बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।

इस मामले में निखिल भोसकर की शिकायत पर तहसील पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2), 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित ऐप के संचालकों तथा एजेंटों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Popular Articles