– खेत में काम करने वाला मजदूर हिरासत में
नागपुर :- नागपुर जिले के कलमेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दहेगांव गांव के शिवार में गांजे के नौ पौधे मिलने का मामला सामने आया है। सोमवार शाम को यह मामला उजागर हुआ। पुलिस ने मौके से गांजे के पौधे जब्त किए हैं और वलणी निवासी मजदूर बबलू शाहू को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बबलू शाहू नागपुर के एक प्रसिद्ध कॉलेज समूह के चार्टर्ड अकाउंटेंट नितेश संकलेचा के खेत में मजदूरी करता है। आरोप है कि उसने खेत की मेड़ पर गांजे के पौधे लगाए थे। ये पौधे पांच फीट से अधिक ऊंचे हो चुके थे। आसपास के किसानों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सूचना मिलने के बाद नागपुर ग्रामीण पुलिस दल की नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) टीम तथा कलमेश्वर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। मौके से गांजे के नौ पौधे जब्त किए गए। पुलिस ने बबलू शाहू को हिरासत में लिया। उसके पास से गांजा सेवन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त किए जाने की जानकारी है।
इस कार्रवाई में एनडीपीएस टीम के एपीआई मोहेकर, पीएसआई प्रवीण भिमटे, प्रकाश ढोके, अमोल नागरे, वाहन चालक अविनाश तोडसाम, अनिल करडकेले और प्रवीण देव्हारे शामिल थे। वहीं, कलमेश्वर पुलिस थाने के पीएसआई डोईफोडे, पवन गायकवाड़ और अंकुश मुलेे ने भी कार्रवाई में भाग लिया।
खेत की मेड़ पर पौधे मिलने से सीमा को लेकर पेच
गांजे के पौधे खेत की मेड़ पर पाए जाने के कारण वे वास्तव में किस खेत की सीमा में आते हैं, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पौधों की खेती से संबंधित जिम्मेदारी और अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।








