– मतगणना के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, केंद्र के बाहर तनावपूर्ण माहौल
नागपुर :- नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना के दौरान पहले दौर में कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी के बढ़त बनाने की जानकारी सामने आते ही मतगणना केंद्र के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाकर परिसर को गुंजायमान कर दिया। अचानक हुई नारेबाजी के कारण केंद्र के बाहर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
इस चुनाव को भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में लिया है। यही वजह रही कि मतगणना के प्रत्येक दौर के आंकड़ों पर राजनीतिक दलों के साथ समर्थकों की भी नजरें टिकी थीं। पहले दौर में अभिजीत वंजारी के बढ़त बनाने की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता मतगणना केंद्र के बाहर एकत्रित हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इससे परिसर में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई।
प्रवेश पास को लेकर भी हुआ हंगामा
मतगणना केंद्र के भीतर प्रवेश को लेकर भी कुछ समय के लिए गहमागहमी की स्थिति बनी। कांग्रेस और भाजपा, दोनों दलों के कुछ कार्यकर्ता प्रवेश पास के बिना ही केंद्र में जाने का प्रयास करते दिखाई दिए। प्रवेश पास नहीं होने के कारण पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बावजूद भीतर जाने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ समय तक भागदौड़ जैसी स्थिति बनी रही।
इस घटनाक्रम के चलते केंद्र के प्रवेश द्वार पर भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए अव्यवस्था का माहौल दिखाई दिया। मतगणना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रवेश व्यवस्था के दौरान पुलिस को सतर्कता बरतनी पड़ी।
हर दौर के आंकड़ों पर राजनीतिक दलों की नजर
मतगणना केंद्र के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की अच्छी-खासी मौजूदगी देखी जा रही हैं। पहले दौर में सामने आई बढ़त, कार्यकर्ताओं की नारेबाजी और प्रवेश को लेकर हुई गहमागहमी के कारण परिसर में राजनीतिक माहौल गरमाया रहा।
हालांकि, पहले दौर में कांग्रेस की बढ़त रही, तो वहीं दूसरे दौर में भाजपा के कोहले कुछ वोटों से आगे नजर आये। इन परिणामों को अंतिम परिणाम नहीं माना जा सकता था। ऐसे में अगले दौरों में मतों की स्थिति किस तरह बदलती है और मुकाबले का रुख क्या रहता है, इसे लेकर दोनों दलों के समर्थकों में उत्सुकता बनी हुई थी।








