– यशोधरा नगर पुलिस की कार्रवाई, 3.30 लाख का माल जब्त
नागपुर :- शहर के यशोधरा नगर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के पांच मामलों का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय नगर, कलमना, नागपुर निवासी कन्हैया उर्फ सोनू रामभुवन साहू (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 3.30 लाख रुपये कीमत के चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब 15 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। उसके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 की रात 1 से सुबह 7 बजे के बीच मेहंदीबाग पावर हाउस के पास शिव मंदिर के सामने रहने वाले मनीष संतोष तिवारी (22) की मोटरसाइकिल उनके घर के सामने से चोरी हो गई थी। इस मामले में यशोधरा नगर पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कन्हैया उर्फ सोनू साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने वाहन चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। आगे की पूछताछ में हुड़केश्वर, सदर और इमामबाड़ा थाना क्षेत्रों से तीन अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने तथा कोराडी थाना क्षेत्र में घरफोड़ चोरी की वारदात को अंजाम देने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बजाज पल्सर, होंडा यूनिकॉर्न, होंडा डियो और एक अन्य पल्सर सहित कुल चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनकी कुल कीमत 3 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई से शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज चार वाहन चोरी और एक घरफोड़ चोरी सहित कुल पांच मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में शामिल रहा है और करीब 15 दिन पहले ही जेल से रिहा हुआ था। उसके दो फरार साथियों की तलाश जारी है। मामले में आगे की जांच यशोधरा नगर पुलिस कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह.पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहित ओव्हाड के मार्गदर्शन में यशोधरा नगर पुलिस थाने के थानेदार यूनुस शेख के नेतृत्व में टीम ने की।








