नागपुर :- शहर के इमामवाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के सीरसपेठ स्थित स्वीपर कॉलोनी में जुए के अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी कर सात लोगों को पकड़ा। आरोपी एक मकान में ताश के पत्तों पर पैसों की बाजी लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से नकद राशि, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और मोपेड सहित कुल 64,100 रुपये का माल जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को रात करीब 8 बजे इमामवाड़ा पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सीरसपेठ के गायधने आटा चक्की के पास स्थित मकान नंबर 138 में जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में मौके पर छापा मारा। इस दौरान सात लोग ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस ने मौके से रितेश शेखर जुगेल (39), अनुप तोता आंबेकर (58), अरमान विजय मोगरे (28), दुर्गाप्रसाद हीरालाल बक्सरे (55), सुनील राजू जुगेल (48), योगेश पवन शुक्लावार (42) और बबलू भोजरा मनपिया (52) को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान जुए की बाजी पर रखे 4,100 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, एक मोबाइल फोन और एमएच-49-जेड-7445 नंबर की मोपेड जब्त की गई। जब्त माल की कुल कीमत 64,100 रुपये बताई गई है। इस मामले में पुलिस उपनिरीक्षक अजय कुंवर की शिकायत पर इमामवाड़ा पुलिस थाने में महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।








