spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

भाजपा और कांग्रेस ने मुझे हल्के में लिया – कराले

– कांग्रेस को मेरा शुक्रिया अदा करना चाहिए, विस चुनाव में पंकज भोयर को देंगे चुनौती

नागपुर :- नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में 25 हजार से अधिक वोट हासिल करने वाले निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले ने कांग्रेस की जीत का श्रेय खुद को दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उनकी जीत में योगदान के लिए उनका आभार मानना चाहिए।

कांग्रेस की जीत के दावे पर सवाल उठाते हुए कराले ने कहा, ‘25 हजार वोट हासिल करना कोई छोटी बात नहीं है। भाजपा और कांग्रेस, दोनों ने मुझे हल्के में लिया। उन्हें लगा कि एक साधारण शिक्षक को अधिकतम 7 से 8 हजार वोट ही मिलेंगे। अब वे इसे कांग्रेस की जीत कैसे कह सकते हैं? कांग्रेस की जीत मेरी वजह से हुई है। वास्तव में कांग्रेस उम्मीदवार वंजारी को मेरा सम्मान करना चाहिए।‘

कराले ने बताया कि उन्होंने मतदाताओं से पहली पसंद के रूप में उन्हें वोट देने और दूसरी पसंद का वोट अपनी पसंद के किसी भी उम्मीदवार को देने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दूसरी पसंद के वोट हासिल करने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। यदि भाजपा ने ऐसा किया होता, तो वह भी जीत सकती थी। उसकी रणनीति में कहीं न कहीं चूक हुई। कराले ने इस आरोप को भी खारिज किया कि वंजारी को फायदा पहुंचाने के लिए उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने की कोई रणनीति बनाई थी। चुनाव लड़ने के उद्देश्य पर उन्होंने कहा, ‘हर लड़ाई जीतने के लिए नहीं लड़ी जाती। कुछ लड़ाइयां अपना अस्तित्व साबित करने के लिए भी लड़ी जाती हैं।‘

न पैसे बांटे, न पार्टियां दीं

अपने चुनाव प्रचार पर खर्च के सवाल पर कराले ने कहा कि उन्होंने न तो किसी को एक रुपया बांटा और न ही मटन या शराब की पार्टियां दीं। उन्होंने कहा कि उनके चुनाव लड़ने से राजनीतिक दलों को संदेश मिला है कि यदि मेहनत करने वाले लोगों को टिकट नहीं दिया गया, तो जनता किसी भी पार्टी को गर्त में धकेल सकती है।

वंजारी को चुनौती देते हुए कराले ने कहा, ‘वंजारी बिना किसी पार्टी के निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़कर मेरे सामने मैदान में आएं। यदि उनके खिलाफ भी मुझे इतने वोट मिलते हैं, तो मैं जीत जाऊंगा।‘

विधानसभा चुनाव में पंकज भोयर को देंगे चुनौती

आगामी चुनावों को लेकर कराले ने कहा कि वह विधानसभा चुनाव में पंकज भोयर के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं छोटे-मोटे लोगों से मुकाबला नहीं करता।‘ इसके अलावा, उन्होंने विदर्भ में जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव भी लड़ने की घोषणा की।

Popular Articles