spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

म्हाडा के निर्माण स्थल पर क्रेन हादसा, 2 मजदूरों की मौत

– क्रेन को खोलते समय ढह गई मशीन, 2 घायलों का उपचार जारी

नागपुर :- गणेशपेठ पुलिस थाना क्षेत्र में गीता मंदिर के सामने म्हाडा (महाराष्ट्र गृहनिर्माण एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण) के निर्माण स्थल पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगी क्रेन को खोलते (डिस्मेंटल) समय अचानक क्रेन के गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। मृतकों की पहचान भंडारा जिला निवासी विश्वनाथ कठाने और उत्तर प्रदेश निवासी मुकेश निषाद के रूप में हुई है। वहीं, झारखंड निवासी दो घायल मजदूरों को तत्काल ऑरेंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, म्हाडा के निर्माण स्थल पर एक प्रोजेक्ट का काम चल रहा है। इस काम का ठेका विजय शिर्के कंपनी को दिया गया है। शुक्रवार सुबह कंपनी का क्रेन ऑपरेटर और उसके साथ काम करने वाले मजदूर क्रेन को खोलने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक क्रेन ढह गई। इसकी चपेट में आने से क्रेन ऑपरेटर और उसके एक साथी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गणेशपेठ पुलिस का दस्ता मौके पर पहुंचा। परिमंडल क्रमांक-3 के पुलिस उपायुक्त राहुल मदने ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तकनीकी खराबी या मानवीय चूक?

इस भीषण हादसे के पीछे क्रेन में तकनीकी खराबी थी या फिर काम के दौरान किसी तरह की मानवीय चूक हुई, इसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा निर्माण स्थल पर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए गए थे या नहीं, इसकी भी पड़ताल होगी।

डीसीपी राहुल मदने के अनुसार, म्हाडा के इंजीनियरों, सरकारी पर्यवेक्षण इंजीनियरों और निर्माण कंपनी के अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी ली जाएगी। घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगे थे या नहीं और हादसे का कोई वीडियो रिकॉर्ड हुआ है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।

Popular Articles