– ‘आखिर गलती किसकी है?’ के जरिए जागरूकता का संदेश
नागपुर :- महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और छेड़छाड़ के मामलों में पीड़ितों को दोषी ठहराने की मानसिकता के खिलाफ आवाज उठाने के लिए ‘राइडर गर्ल्स नागपुर’ की ओर से 50 किलोमीटर की बाइक रैली निकाली गई। ‘राइड अगेंस्ट मोलेस्टेशन : आखिर गलती किसकी है?’ शीर्षक से आयोजित इस रैली की मेजबानी रुचिका मेघे ने की। रैली की शुरुआत जीरो माइल स्मारक से हुई।
यह पहल इंडिपेंडेंट बिकर्नी ब्रिगेड और इंडिपेंडेंट राइडर्स ग्रुप (आईआरजी) के राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा थी। इसके तहत देश के 20 शहरों में एक साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य छेड़छाड़ जैसी घटनाओं के लिए अपराधियों को जिम्मेदार ठहराने, महिलाओं के प्रति समाज की नकारात्मक सोच को बदलने और पीड़ितों को दोष देने की प्रवृत्ति समाप्त करने का संदेश देना था। आयोजकों ने महिलाओं के लिए भयमुक्त वातावरण बनाने और उन्हें बिना किसी डर के आवागमन करने का अधिकार सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।








