– हाथ पकड़कर बेड पर खींचा, विरोध करने पर दी धमकी
नागपुर :- सक्करदरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ उसकी मौसी के देवर ने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी की उम्र 60 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 1 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 6:30 से 7:30 बजे के बीच आरोपी के घर पर हुई थी। घटना के दिन किशोरी अपनी मां और मौसी के साथ उपचार के लिए पास की एक क्लीनिक गई थी। इसके बाद वे मौसी के घर पहुंचीं। घर की पहली मंजिल पर मौजूद मौसी के देवर को चाय देने के लिए किशोरी को भेजा गया। कमरे में पहुंचते ही आरोपी ने किशोरी का हाथ पकड़कर उसे बेड पर खींच लिया। किशोरी ने विरोध करते हुए आरोपी को बड़े पापा कहकर ऐसा करने से मना किया, लेकिन आरोपी ने उसके दोनों हाथ पकड़कर दीवार से लगा दिया और जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के चिल्लाने पर भी बंद कमरे के कारण उसकी आवाज बाहर नहीं पहुंच सकी। घटना के बाद आरोपी ने किशोरी को धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। डर के कारण किशोरी ने काफी समय तक घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। 26 अक्टूबर को स्कूल में आयोजित ‘संपूर्ण भारत सुरक्षित बचपन अभियान’ के दौरान मार्गदर्शन मिलने पर किशोरी ने हिम्मत जुटाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्कूल की ओर से उसके माता-पिता को सूचित किया गया। शुक्रवार, को किशोरी अपनी मां के साथ सक्करदरा पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








