spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

अमेरिका में विमान हादसा, 9 लोगों की मौत

– फ्लोरिडा में रिहायशी इलाके के पास सड़क पर गिरा बिजनेस जेट

वॉशिंगटन :- अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा में रविवार को एक भीषण विमान हादसा हुआ। नौ लोगों को लेकर बहामास जा रहा एक बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त होकर रिहायशी इलाके के पास सड़क पर जा गिरा। इस हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। विमान के जमीन से टकराते ही उसमें भीषण आग लग गई और जोरदार विस्फोट हुआ। गनीमत रही कि विमान किसी इमारत से नहीं टकराया, जिससे जमीन पर मौजूद लोगों को नुकसान नहीं पहुंचा।

यह हादसा फ्लोरिडा के ग्रीनएक्रस शहर में हुआ, जो वेस्ट पाम बीच से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित है। हादसे का पूरा दृश्य वहां से गुजर रही एक कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में विमान को अचानक आसमान से तेजी से नीचे गिरते और सड़क के पास टकराने के बाद आग की लपटों में घिरते देखा जा सकता है। दुर्घटनास्थल पर सड़क के किनारे गहरा गड्ढा बन गया और विमान के मलबे के टुकड़े दूर-दूर तक बिखर गए।

खराब मौसम के बीच बिगड़ी स्थिति

परिवहन सचिव शॉन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि ‘लियरजेट-60’ विमान दोपहर करीब 12:50 बजे पाम बीच काउंटी में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। उन्होंने इसे बेहद दुखद घटना बताया। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (फएए) ने जांच में सहायता के लिए टीम भेजने की जानकारी दी है। हादसे की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) करेगा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान पायलटों ने खराब मौसम, तेज हवा के झोंकों और विमान पर बर्फ जमने की सूचना दी थी। इसके बाद उन्होंने विमान की ऊंचाई बढ़ाने की अनुमति मांगी।

पायलट ने घोषित की थी इमरजेंसी

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग के अनुसार, मौसम बिगड़ने के साथ ही विमान अचानक तेजी से नीचे गिरने लगा। पायलट ने इमरजेंसी घोषित करते हुए ‘मेडे’ का संदेश दिया और मदद मांगी। विमान की गति और ऊंचाई पर नियंत्रण बिगड़ने के बाद पायलट ने विमान के जमीन से टकराने की आशंका भी जताई। कुछ ही पलों बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान के अलावा जमीन पर मौजूद किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से घटनास्थल के आसपास की सड़क बंद कर दी गई। अधिकारियों ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों और विमान में सवार लोगों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी है।

Popular Articles