– स्कूल के पास कचरा डंपिंग का विरोध; सिविल लाइंस स्थित मनपा अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
नागपुर, संवाददाता :- छोटे बच्चों के स्कूल के पास कचरा डंपिंग यार्ड बनाए जाने के विरोध में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की युवा सेना ने मनपा प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युवा सेना की ओर से नागपुर महानगरपालिका के सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर डंपिंग यार्ड तत्काल हटाने की मांग की गई।
युवा सेना ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि दिवाली तक स्कूल के पास से कचरा डंपिंग यार्ड नहीं हटाया गया तो युवा सेना अपने अंदाज में आंदोलन करेगी। इस आंदोलन से उत्पन्न होने वाली स्थिति की पूरी जिम्मेदारी नागपुर महानगरपालिका प्रशासन और महाराष्ट्र सरकार की होगी।
यह पहल युवा सेना प्रमुख एवं विधायक आदित्य ठाकरे के आशीर्वाद तथा राष्ट्रीय सदस्य व नगरसेवक हर्षल काकड़े के मार्गदर्शन में की गई। नागपुर जिला विस्तारक छोटू राऊत के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि स्कूल के पास कचरा जमा होने से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और आसपास के नागरिकों को परेशानी हो सकती है। इसलिए प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करे।
इस अवसर पर बाबा लानोकर, विस्तारक बादल पसेरकर, विनोद कल्याणी, ऋषि आनंद, अजय सोनटक्के, शुभम अरखेल, पलाश तुमाने, यश कटारे, निखिल समुद्रे, ऋषभ महतो, योगेश नाइक, ऋषभ पुनीत और विकास सहित युवा सेना के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।







