– 10 गाड़ियों में तोड़फोड़, एम्बुलेंस चलाने के लिए 3 हजार की वसूली को लेकर विवाद
नागपुर :- शासकीय मेयो अस्पताल परिसर में निजी एम्बुलेंस संचालकों के बीच वर्चस्व और पैसों को लेकर विवाद हिंसक रूप ले गया। देर रात बेसबॉल बैट, हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से लैस कुछ लोगों ने अस्पताल परिसर में खड़ी करीब 10 एम्बुलेंस के कांच फोड़कर जमकर तोड़फोड़ की। इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। मामले में तहसील पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता नूरी मस्जिद क्षेत्र, यशोधरानगर निवासी शेख रेहान शेख नूर (20) एम्बुलेंस चालक है। उसका मेयो अस्पताल में एम्बुलेंस चलाने को लेकर परवेज फिरोज खान, सोनू उर्फ बाबा और सोहेब फिरोज खान के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि आरोपियों ने अस्पताल परिसर में एम्बुलेंस चलाने की अनुमति देने के बदले उससे 3 हजार रुपए की मांग की थी। इस मांग का अन्य एम्बुलेंस चालकों ने विरोध किया, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद और तनाव बढ़ गया।
पुराने विवाद का बदला लेने के लिए हमला
बताया जाता है कि दिन में हुए विवाद और मारपीट का बदला लेने के इरादे से आरोपी देर रात हथियारों के साथ अस्पताल परिसर में पहुंचे। उन्होंने वहां खड़ी करीब 10 एम्बुलेंस को निशाना बनाते हुए उनके शीशे तोड़ दिए और वाहनों को नुकसान पहुंचाया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले में पुलिस ने सोहेब फिरोज खान को हिरासत में लिया है, जबकि परवेज फिरोज खान और सोनू उर्फ बाबा की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस विवाद की वजह, कथित वसूली और हमले के पीछे की पूरी घटनाक्रम की जांच कर रही है।








