spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

12 दिनों में नागपुर जिले में तीन बार भूकंप के झटके

– 27 अक्टूबर को उमरेड में दो बार कांपी थी धरती, रविवार को 2.6 तीव्रता का तीसरा झटका दर्ज

नागपुर :- नागपुर जिले में भूकंप के हल्के झटकों का सिलसिला जारी है। रविवार, 8 नवंबर को एक बार फिर 2.6 रिक्टर स्केल तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। पिछले 12 दिनों में जिले में भूकंप के तीन झटके दर्ज हो चुके हैं। इससे जिले में हो रही भूकंपीय गतिविधियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, रविवार दोपहर 2 बजकर 17 मिनट 14 सेकंड पर भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र जमीन से पांच किलोमीटर नीचे था। एनसीएस ने इस भूकंप की पुष्टि की है। हालांकि, इससे किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। जिले के किन इलाकों में झटके महसूस किए गए, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

27 अक्टूबर को उमरेड में दो झटके

इससे पहले 27 अक्टूबर को उमरेड तहसील में महज 15 मिनट के अंतराल पर दो भूकंप आए थे। पहला झटका दोपहर 3 बजकर 5 मिनट 58 सेकंड पर हलदगांव क्षेत्र में दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 3 रिक्टर स्केल थी। इसका केंद्र जमीन से आठ किलोमीटर नीचे था। इसके बाद दोपहर 3 बजकर 20 मिनट 50 सेकंड पर डव्हा क्षेत्र में 2.3 तीव्रता का दूसरा झटका दर्ज किया गया। इसका केंद्र भी आठ किलोमीटर की गहराई पर था।

इन झटकों के बाद उमरेड तहसील के कुछ गांवों में दहशत का माहौल बन गया था। कुछ स्थानों पर नागरिकों को कंपन महसूस होने और घरों से बाहर निकलने की जानकारी सामने आई थी।

लगातार दर्ज हो रही भूकंपीय गतिविधियां

12 दिनों के भीतर तीन भूकंप दर्ज होने से नागपुर जिले की भूकंपीय गतिविधियां एक बार फिर चर्चा में हैं। हालांकि, तीनों झटकों की तीव्रता कम रही है और इन रिकॉर्ड के आधार पर किसी बड़े भूकंप की आशंका जताना उचित नहीं होगा। इन गतिविधियों के स्वरूप और संभावित कारणों का वैज्ञानिक अध्ययन महत्वपूर्ण है।

Popular Articles