नागपुर :- शहर के कामठी रोड स्थित डी-मार्ट के सामने ई-रिक्शा हटाने को कहने पर विवाद हो गया। गुस्साए ई-रिक्शा चालक ने युवक के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल की पहचान ताज नगर, टेका निवासी 40 वर्षीय अकील हुसेन अंसारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार,अकील अंसारी डी-मार्ट के गेट के सामने मौजूद थे। इस दौरान वहां खड़े ई-रिक्शा को रास्ते से हटाने के लिए उन्होंने चालक से कहा। इसी बात पर चालक फुकट नगर, यशोधरानगर निवासी प्रफुल्ल सुरेशराव निराले (38) ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि चालक ने अकील के साथ अश्लील गाली-गलौज की और अपने ई-रिक्शा से चाकू निकालकर उनके बाएं हाथ की कोहनी पर वार कर दिया। हमले में अकील घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया। घायल की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पांचपावली पुलिस ने आरोपी ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।






