सिंगर अदनान सामी के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर एक एयरलाइन सर्विस के स्टाफ ने बदसलूकी की। सिंगर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए एयरलाइन सर्विस पर नाराजगी जाहिर की और पैसे लेने के बावजूद अपमानजनक रवैया रखने पर सवाल उठाए। शिकायत के बाद जब मुंबई एयरपोर्ट द्वारा उन्हें जांच का आश्वासन दिया तो सिंगर उनके चैट बॉट के जवाब देने के अंदाज और सीधे अदनान कहे जाने पर भड़क गए।
प्रणाम एयरलाइन सर्विस स्टाफ का अनप्रोफेशल रवैया
अदनान सामी ने सोशल मीडिया पोस्ट कर बताया कि उन्होंने ट्रेवल करने के लिए प्रणाम सर्विस ली थी, जो चेक-इन, स्पेशल वेटिंग लाउंज, लगेज हैंडलिंग और सिक्योरिटी चेक में आसानी के लिए होती है।जब वो एयरपोर्ट पहुंचे, तो पहले से पहुंचने की जानकारी देने के बावजूद किसी ने उन्हें रिसीव नहीं किया। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनकी फ्लाइट 5 घंटे लेट है। जबकि स्पेशल सर्विस लेने पर यात्रियों को पहले ही इसकी जानकारी दी जाती है, जिससे उन्हें एयरपोर्ट पर इंतजार न करना पड़े।
अदनान ने लिखा, अगर उन्होंने हमें पहले बता दिया होता तो हम समय से पहले एयरपोर्ट आने के बजाय घर पर आराम से इंतजार कर सकते थे। लेकिन उनकी लापरवाही और गैर-जिम्मेदारी के कारण हमें एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
कर्मचारी मोबाइल पर चैट करने में व्यस्त थी
अदनान ने आगे बताया कि उन्हें कोई स्टाफ नहीं दिया गया। शिकायत करने पर एक महिला कर्मचारी को भेजा गया, जिसका व्यवहार बेहद खराब था और वो पूरे समय अपने फोन में व्यस्त थी। 5 घंटे लाउंज में इंतजार करने के बाद जब डिपार्चर का समय आया, तो महिला कर्मचारी वहां थी ही नहीं। बार-बार पूछे जाने पर उन्हें पोर्टर दिया गया, जिसे भी महिला की कोई जानकारी नहीं थी। उन्हें एक बग्गी से ले जाया गया और देर तक महिला कर्मचारी की तलाश करने पर पता चला कि वो एक कोने में बैठी अपना फोन इस्तेमाल कर रही थी। टोकने पर उसने फोन रखकर सर्विस देने पर ध्यान दिया।
टोकने पर स्टाफ ने बदतमीजी की
अदनान ने बताया है कि महिला कर्मचारी उन्हें जिस डिपार्चर गेट पर ले गई, वहां अफरा-तफरी मची थी। उसे ये तक नहीं पता था कि फर्स्ट क्लास और बिजनेस क्लास के लिए एक खाली ट्रैक है। अदनान को खुद फर्स्ट क्लास का ट्रैक ढूंढना पड़ा, जो पूरा खाली था। जब महिला को टोका गया, तो उसने गलती मानने की बजाए बदतमीजी करनी शुरू कर दी। अदनान ने इसे बेहद अनप्रोफेशल कहा।
दूसरी बार अपमानजनक व्यवहार हुआ
आगे अदनान सामी ने भड़कते हुए लिखा, ‘प्रणाम सर्विसेज के साथ यह दूसरी बार है, जब उनके कर्मचारियों ने मेरे साथ ऐसा खराब व्यवहार किया है। आप पैसे लेते हैं और इसके बावजूद आपका रवैया ऐसा है, जैसे आपका कोई विकल्प ही नहीं है। यह बेहद घमंड भरा, परेशान करने वाला और अपमानजनक व्यवहार है। इस पूरी घटना को लेकर मैं एक बार फिर आपके स्टाफ से बेहद निराश हूं।’






