spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पश्चिमी दिल्ली में बनेगा नया मेडिकल कॉलेज

– MBBS की 150 और PG की 40 सीटें होंगी

नई दिल्ली :- पश्चिमी दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह राजकीय अस्पताल (जीजीएसजीएच) परिसर में नया मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा। इसमें एमबीबीएस की 150 और स्नातकोत्तर (पीजी) की 40 सीटें होंगी। मेडिकल कॉलेज को 1,322 बेड की क्षमता वाले एकीकृत स्वास्थ्य परिसर से जोड़ा जाएगा। इससे पश्चिमी दिल्ली की करीब 10 लाख आबादी को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने सोमवार को इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि करीब 13 एकड़ में फैले अस्पताल परिसर में मेडिकल कॉलेज विकसित किया जाएगा। यहां विद्यार्थियों को सैद्धांतिक पढ़ाई के साथ अस्पताल में मरीजों की जांच, बीमारी की पहचान और उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेगा। पीजी की 40 सीटों से विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

1,322 बेड का होगा स्वास्थ्य परिसर

इस एकीकृत स्वास्थ्य परिसर में 472 बेड का मातृ एवं शिशु अस्पताल और 850 बेड का सामान्य अस्पताल शामिल होगा। सामान्य अस्पताल रघुबीर नगर में करीब आठ एकड़ जमीन पर विकसित किया जा रहा है।

मातृ एवं शिशु अस्पताल में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के उपचार के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं, सामान्य अस्पताल में विभिन्न बीमारियों के इलाज, आपातकालीन चिकित्सा और गंभीर मरीजों की देखभाल के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। इस परियोजना से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही चिकित्सा शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।

Popular Articles