बॉलीवुड में इन दिनों हॉरर और सुपरनैचुरल फिल्मों का बोलबाला तेजी से बढ़ रहा है. इसी कड़ी में निर्माता एकता आर कपूर और अमर बुटाला ने ‘फ्राइडे द 13th’ (13 तारीख को पड़ने वाला शुक्रवार, जिसे पश्चिमी देशों में अपशकुन माना जाता है) के खास मौके पर अपनी नई हॉरर फिल्म ‘हीरो की हॉरोराइन’ के टाइटल और फर्स्ट लुक पोस्टर से पर्दा उठा दिया है. जय हो मीडिया वेंचर्स और बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड के बैनर तले बन रही इस फिल्म की कमान निर्देशक साजिद खान संभाल रहे हैं. मेकर्स ने ऐलान किया है कि यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
फिल्म का जो पहला लुक और मोशन पोस्टर सामने आया है, वो किसी की भी धड़कनें बढ़ाने के लिए काफी है. अंधेरे और घने धुएं से भरे बैकग्राउंड के बीच खून से लथपथ लाल साड़ी पहने एक बेहद डरावनी महिला नजर आ रही है. बिखरे हुए लंबे बाल, विकृत चेहरा, पूरी तरह सफेद आंखें, नुकीले दांत और पंजों जैसे खौफनाक हाथ इस किरदार के आतंक को बयां कर रहे हैं. फिल्म के नाम में भले ही ‘हीरो’ और ‘हीरोइन’ का तड़का हो, लेकिन पोस्टर का अंदाज साफ इशारा करता है कि इस बार पर्दे पर डर और मनोरंजन का एक अनोखा कॉकटेल देखने को मिलने वाला है. भले ही फर्स्ट लुक पोस्टर के साथ मेकर्स ने स्टारकास्ट को लेकर सस्पेंस बनाए रखा है, लेकिन इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म की कास्ट बेहद दिलचस्प होने वाली है. खबरों की मानें तो ‘हीरो की हॉरोराइन’ से बॉलीवुड के हीरो नंबर-1 गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा बड़े पर्दे पर अपना एक्टिंग डेब्यू करने जा रहे हैं. उनके अपोजिट फिल्म ‘लापता लेडीज’ में ‘फूल कुमारी’ बनकर दर्शकों का दिल जीतने वाली एक्ट्रेस नितांशी गोयल मुख्य भूमिका में नजर आएंगी. इतना ही नहीं, रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म में यशवर्धन की मां सुनीता आहूजा के साथ-साथ चंकी पांडे, जेमी लीवर, बृजेंद्र काला और सिमरत कौर जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे.
साजिद खान की डायरेक्शन में वापसी
इस प्रोजेक्ट के जरिए ‘हे बेबी’ और ‘हाउसफुल’ जैसी कमर्शियल हिट फिल्में दे चुके साजिद खान लंबे अंतराल के बाद बतौर निर्देशक बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. वहीं, ‘बजरंगी भाईजान’, ‘केसरी’ और ‘मिशन मजनू’ जैसी चर्चित फिल्मों से जुड़े रहे अमर बुटाला और शोभा कपूर इस फिल्म को एकता कपूर के साथ मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. गौरतलब है कि एकता कपूर के लिए हॉरर और सुपरनैचुरल जॉनर हमेशा से लकी रहा है. अक्षय कुमार स्टारर ‘भूत बंगला’ और सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘द वन’ के अलावा छोटे पर्दे पर ‘नागिन 7’ और ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के जरिए बालाजी टेलीफिल्म्स लगातार चर्चा में बना हुआ है. अब देखना दिलचस्प होगा कि 2027 में साजिद खान और एकता कपूर की यह जोड़ी ‘हीरो की हॉरोराइन’ के जरिए बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है.






