– 129 यात्रियों को लेकर जा रही थी नाव, 32 लोग घायल
न्यू ऑरलियन्स :- अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर एक बड़ा नौका हादसा सामने आया है। यात्रियों से भरी एक क्रूज बोट की टक्कर टैंकर से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूज बोट पलटकर नदी में डूब गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि नाव में सवार सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, हादसे में 32 यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। ‘अटलांटिक डामर’ नामक टैंकर की टक्कर ‘अमेरिकन हेरिटेज’ नामक पैडल क्रूज बोट से हो गई। बताया जा रहा है कि क्रूज बोट में करीब 129 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटकर नदी में समा गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना करीब 15 मिनट के भीतर हुई।
यात्रियों के उतरने के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि क्रूज बोट दुर्घटना से पहले करीब दो घंटे से नदी किनारे खड़ी थी और यात्री उतरने की प्रक्रिया में थे। इसी दौरान टैंकर उससे टकरा गया। न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि क्रूज पर सवार सभी यात्रियों की पहचान कर ली गई है। हादसे में घायल 32 लोगों को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव दल ने सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया। किसी की मौत की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का मंजर
घटना के प्रत्यक्षदर्शी जेमी होल्फोर्ड ने मीडिया को बताया कि टैंकर की टक्कर के बाद स्थिति बेहद भयावह हो गई थी। टक्कर लगने से लेकर क्रूज बोट के पलटने तक महज 15 मिनट का समय लगा। देखते ही देखते नाव नदी में डूब गई। इस दौरान यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और बचाव कार्य शुरू करना पड़ा।
नदी में नौकाओं की आवाजाही रोकी गई
हादसे की सूचना मिलते ही पोर्ट पुलिस, दमकल विभाग, अमेरिकी तटरक्षक बल और आपातकालीन चिकित्सा दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए पोर्ट की प्रशासनिक इमारत में अस्थायी चिकित्सा केंद्र बनाया गया। एहतियात के तौर पर मिसिसिपी नदी में नौकाओं की आवाजाही रोक दी गई।
क्रूज का संचालन करने वाली कंपनी ‘अमेरिकन क्रूज लाइन्स’ ने बयान जारी कर बताया कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कंपनी ने हादसे से प्रभावित लोगों के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।





